कुरारा, हमीरपुर। विकास खंड क्षेत्र के बेरी गांव में बेतवा नदी पार करने के लिए ग्रामीण आज भी नाव का सहारा लेने को मजबूर हैं। ग्रामीणों द्वारा जिला मुख्यालय से लेकर लखनऊ तक कई बार पुल निर्माण की मांग की जा चुकी है, लेकिन अभी तक इस समस्या का कोई समाधान नहीं हो सका है। कस्बा कुरारा से बेरी गांव की दूरी लगभग चौदह किलोमीटर है और यह गांव बेतवा नदी के किनारे बसा है। नदी के उस पार स्थित कुपरा, भेड़ी, जलालपुर और सरीला क्षेत्र के कई गांवों के लोग कुरारा आने-जाने के लिए इसी रास्ते का उपयोग करते हैं और अपनी बाइक तक नाव में रखकर नदी पार करते हैं। प्रतिदिन सैकड़ों लोग नाव के माध्यम से नदी के इस पार से उस पार आवागमन करते हैं, जिससे उन्हें जोखिम और असुविधा दोनों का सामना करना पड़ता है। ग्राम प्रधान अनिल अनुरागी ने बताया कि बेतवा नदी पर पुल बनाए जाने की मांग लंबे समय से की जा रही है। पुल बनने से कुरारा सहित सरीला क्षेत्र के लोगों को हमीरपुर और राठ जाने के लिए सीधा और सुगम मार्ग मिल जाएगा। क्षेत्र के लोगों ने मुख्यमंत्री से जल्द से जल्द पुल निर्माण कराए जाने की अपील की है।
