Spread the love

महोबा। पुलिस अधीक्षक कैम्प कार्यालय मुख्यालय में पूर्व पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप सिंह के जनपद महोबा से पुलिस अधीक्षक, अपराध, मुख्यालय पुलिस महानिदेशक, लखनऊ स्थानान्तरण होने के उपलक्ष्य में एक गरिमामय एवं भावुक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नवागंतुक पुलिस अधीक्षक महोबा शशांक सिंह भी उपस्थित रहे।समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक महोबा के रूप में प्रबल प्रताप सिंह के कार्यकाल को विस्तार से याद किया गया। उनके नेतृत्व में जनपद में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा अपराधियों के विरुद्ध सख्त एवं परिणामकारी कार्यवाही किए जाने के उल्लेखनीय प्रयासों की सभी उपस्थित अधिकारियों/कर्मचारियों द्वारा सराहना की गई। उनके कार्यकाल में पुलिस की सक्रियता, संवेदनशीलता एवं जनसंपर्क को नई दिशा मिली, जिससे आमजन में सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण सुदृढ़ हुआ।विदाई समारोह के दौरान प्रबल प्रताप सिंह ने अपने संबोधन में महोबा पुलिस परिवार के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग, समर्पण एवं कर्तव्यनिष्ठा के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने जनपदवासियों के स्नेह एवं सहयोग को अपने लिए अविस्मरणीय बताया।इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा उनके नेतृत्व, कार्यशैली एवं प्रेरणादायी व्यक्तित्व की सराहना करते हुए पुष्पमाला पहनाकर, प्रतीक चिन्ह (मोमेंटो) एवं उपहार भेंट कर उन्हें भावभीनी विदाई दी गई तथा उनके उज्ज्वल भविष्य एवं सफल कार्यकाल की कामना की गई।इस दौरान कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर अरुण कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी कुलपहाड़ रविकांत गौंड, क्षेत्राधिकारी चरखारी दीपक दुबे सहित समस्त प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्ष व विभिन्न शाखाओं के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *