महोबा । पुलिस प्रशासन की लाख कोशिशों के बाद भी शहर वासियों को जाम के जाम से छुटकारा नहीं मिल पा रहा है। बुधवार को चरखारी बाईपास रोड पर नवीन गल्ला मंडी के पास करीब एक घंटे तक लंबा जाम लगा रहा। जिसमें सैकड़ों वाहन और राहगीर फंसे रहे। विदित हो इस समय रवि फसल मड़ाई का कार्य पूरे जिले में युद्ध स्तर पर चल रहा है। आए दिन मौसम के बदलते मिजाज और आसमान में बादल छाने एवं हल्की बरसात ने किसानों की धड़कनों को बढ़ा दिया है। जिसके फलस्वरूप किसान जल्द से जल्द फसलों को सुरक्षित घर लाने की जद्दोजहद में लगा हुआ है। रात्रि में तेज आंधी आने से किसानों की मड़ाई के लिए खेतों में कटी पड़ी फसलें तेज हवा के झोंको के साथ उड़कर बर्बाद हो गई। इसके बाद हुई बरसात में फसल भीग गई। जिससे किसानों को काफी नुकसान उठाना पड़ा है। चरखारी ब्लाक के रिवई, काकुन,कीरतपुरा, सुदामापुरी,कनेरा,चंदौली, जरौली समेत अन्य गांव के किसानों को रात्रि में आंधी पानी से खासा नुकसान होना बताया जा रहा है। जिन किसानों की फसलों की मड़ाई हो चुकी है उनके द्वारा फसल बेचने की महोबा मंडी में होड़ सी लगी हुई है। हजारों की संख्या में किसान ट्रैक्टरों टैम्पो, पिकअप आदि में फसल बेचने पहुंच रहे है। बुधवार को बड़ी संख्या में किसानों के ट्रैक्टर, टैम्पो और पिकअप नवीन गल्ला मंडी पहुंचने से मंडी के बाहर चरखारी बाईपास रोड पर एस. आर. पेट्रोल पम्प से लेकर बल्देव नगर बाईपास तक वाहनों की लम्बी कतार लग गई। इस जाम में रोडवेज बस, मरीजों को इलाज के लिए लाने वाली एम्बुलेंस भी फंस गई। जाम में अन्य वाहन भी फंसे रहे। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद यातयात जवानों ने किसी प्रकार छोटे वाहनों को रामकथा मार्ग की ओर डायवर्ड किया गया। तब कहीं जाकर लोगों को जाम के जाम से राहत मिल सकी।
