राठ (हमीरपुर)। सरीला कस्बा क्षेत्र में मेलों के दौरान रामलीला मंचन के बीच कथित अश्लील डांस कराए जाने को लेकर जयबाबा आदर्श नागरिक कर्तव्य एवं जटायु संगठन ने नाराजगी जताई है। संगठन के जिलाध्यक्ष रामनारायण उमरिया ने बुधवार को एसडीएम विकास कुमार यादव को ज्ञापन सौंपकर रामलीला आयोजकों से अश्लील डांस नहीं कराने का शपथपत्र लेने की मांग की।ज्ञापन में कहा गया कि गांवों में आयोजित मेलों में रामलीला मंचन धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व रखता है, लेकिन इसके बीच अश्लील डांस कराए जाने से महिलाओं और बच्चों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है। संगठन का आरोप है कि ऐसे कार्यक्रमों से रामलीला की गरिमा और सामाजिक मर्यादा प्रभावित होती है। संगठन ने मांग की कि मेले और रामलीला की अनुमति देने से पहले आयोजकों से अश्लील डांस नहीं कराने का शपथपत्र लिया जाए। साथ ही ऐसा कार्यक्रम होने पर संबंधित थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही। इस मौके पर नरेश राजपूत, मोहन सिंह, हरिश्चंद्र, पुष्पेंद्र, करन सिंह, भानकुमार और धूराम सहित अन्य लोग मौजूद रहे।