राठ (हमीरपुर)। नगर के ब्रह्मानन्द स्नातकोत्तर महाविद्यालय में स्काउट गाइड का त्रिदिवसीय आवासीय रोवर/रेंजर प्रवेश जाँच शिविर का समापन उत्साह, उमंग, गरिमा एवं प्रेरणादायी वातावरण में सम्पन्न हुआ। इस शिविर में प्रतिभागियों ने न केवल स्काउटिंग एवं गाइडिंग के व्यावहारिक कौशल सीखे, बल्कि अनुशासन, परस्पर सहयोग, सामूहिक उत्तरदायित्व, नेतृत्व एवं सेवा के उन आदर्शों को भी आत्मसात किया, जो एक श्रेष्ठ नागरिक के निर्माण की आधारशिला हैं।
शिविर के समापन समारोह में मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी राठ चित्रा निर्वाल ने प्रतिभागियों द्वारा निर्मित विभिन्न प्रकार के तम्बुओं, मंकी ब्रिज, कमांडो ब्रिज, झूले एवं अन्य साहसिक संरचनाओं का निरीक्षण किया। प्रतिभागियों के कौशल, रचनात्मकता, कठिन परिश्रम, टीम भावना एवं अनुशासित कार्यशैली को देखकर उन्होंने मुक्त कंठ से प्रशंसा की। प्रतिभागियों के उत्साह और समर्पण ने यह संदेश दिया कि उचित मार्गदर्शन, दृढ़ इच्छाशक्ति एवं सामूहिक प्रयास से किसी भी चुनौती का सामना किया जा सकता है।
इस दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ सुरेंद्र सिंह,सहायक प्रादेशिक संगठन आयुक्त शिव प्रताप सिंह, जिला सचिव रामनारायण वर्मा, डॉ. दीपक सिंह, जिला प्रशिक्षण आयुक्त अरुण कुमार, कलावती कुशवाहा, शिल्पा राजपूत, शिविर शिल्पकार डॉ. अरुण कुमार, राजेश कुमार तथा कु. आकांक्षा उपस्थित रही।