Spread the love

हमीरपुर।आगामी 1 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाले मेगा लीगल कैंप की तैयारियों के क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हमीरपुर द्वारा गुरुवार को विकासखंड मौदहा के सभागार में द्वितीय लघु विधिक सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य पात्र व्यक्तियों को विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना तथा उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करना रहा। कार्यक्रम का आयोजन जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मनोज कुमार राय के मार्गदर्शन तथा सिविल जज (सीनियर डिवीजन)/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हमीरपुर वंदना अग्रवाल के निर्देशन में किया गया।शिविर में खंड विकास अधिकारी सुश्री श्वेता त्रिपाठी, एडीओ (आरडी) अनिल पाठक, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी रुद्र प्रताप तथा एडीओ समाज कल्याण मोहित कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सहभागिता की। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को संबंधित जनकल्याणकारी योजनाओं, उनकी पात्रता तथा उनसे लाभान्वित होने की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान पीएलवी श्री पवन तिवारी एवं श्री शिवनारायण ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से अपील की कि वे अपने-अपने विभाग की योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को प्राथमिकता के आधार पर चिह्नित करें तथा उनकी सूची शीघ्र जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हमीरपुर को उपलब्ध कराएं। इससे आगामी 1 नवंबर को आयोजित होने वाले मेगा लीगल कैंप में पात्र व्यक्तियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने तथा उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की जा सकेगी।शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही पात्रता के अनुरूप लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं से अवगत कराया। इस प्रकार के शिविरों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में विधिक जागरूकता बढ़ाने, सरकारी योजनाओं की पहुंच पात्र लाभार्थियों तक सुनिश्चित करने तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने पर विशेष बल दिया जा रहा है।कार्यक्रम में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, मौदहा से श्रीमती अंजलिप्रिया गौतम, पीएलवी सत्यवती, एडीओ सहकारिता दिलीप गुप्ता, उपायुक्त उद्योग/जिला उद्योग केंद्र से वेदप्रकाश, सहायक आयुक्त तथा जिला कल्याण एवं बाल विभाग से जेंडर स्पेशलिस्ट अंकित अहमद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं क्षेत्रीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आगामी 1 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाले मेगा लीगल कैंप के माध्यम से पात्र व्यक्तियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। संबंधित विभागों से अपेक्षा की गई है कि वे पात्र लाभार्थियों का चिह्नांकन कर आवश्यक विवरण समय से उपलब्ध कराएं, ताकि शिविर का अधिकाधिक लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाया जा सके।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed