हमीरपुर – मौदहा कस्बे के हैदरगंज मोहल्ले में मकान की जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और पथराव शुरू हो गया। घटना में तीन लोगों के घायल होने की सूचना है। मौके पर पुलिस के पहुंचने के बाद भी कुछ देर तक तनाव की स्थिति बनी रही। पुलिस के अनुसार, 20 सितंबर को हैदरगंज निवासी अब्दुल बारी पुत्र अब्दुल खालिक का अनीसा, रहीसा, शहीदा पुत्रीगण जलालुद्दीन तथा शीलू पुत्र जलालुद्दीन से जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद हुआ। अब्दुल बारी ने जैनब पत्नी मैकू निवासी हैदरगंज से उसके हिस्से की जमीन का एक-चौथाई भाग खरीदा था। इसी भूमि पर दूसरे पक्ष द्वारा कब्जा किए जाने का विरोध करने पर विवाद बढ़ गया। बताया गया कि विवाद के दौरान अब्दुल बारी और उनके साथ काम करने वाले धीरज सोनी व सईद अहमद को चोटें आईं। घटना के दौरान महिलाओं व एक युवक के छत पर चढ़ने और उन पर पथराव किए जाने के आरोप भी सामने आए हैं। सूचना पर मौदहा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को चिकित्सीय परीक्षण के लिए सीएचसी मौदहा भेजा। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
