हमीरपुर। हमीरपुर शहर के प्रमुख तहसील रोड पर लगातार बन रही जाम की स्थिति और राहगीरों को हो रही भारी असुविधा से निजात दिलाने के लिए नगर पालिका प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। नगर पालिका की टीम ने तहसील रोड पर व्यापक अतिक्रमण रोधी अभियान चलाते हुए सड़क किनारे अवैध रूप से लगाई गई दुकानों और रखे गए सामान को पूरी तरह से हटवा दिया।
तहसील रोड पर दुकानदारों द्वारा सड़क की पटरियों पर किए गए अवैध कब्जे के कारण आए दिन भीषण जाम की नौबत आ जाती थी, जिससे स्थानीय निवासियों, तहसील आने वाले फरियादियों और स्कूली बच्चों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। लगातार मिल रही जनशिकायतों का संज्ञान लेते हुए नगर पालिका प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर सड़क को पूरी तरह से अतिक्रमण मुक्त कराया नगर पालिका ने केवल अतिक्रमण हटाने की ही कार्रवाई नहीं की, बल्कि विस्थापित और इच्छुक दुकानदारों के रोजगार को ध्यान में रखते हुए एक व्यवस्थित कदम भी उठाया है। नगर पालिका प्रशासन द्वारा करीब 20 नई दुकानों का निर्माण कराया गया है, जिनकी नीलामी आगामी 10 सितंबर को आयोजित की जाएगी। इससे व्यापारियों को व्यापार के लिए पक्का और वैध स्थान मिल सकेगा अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सड़क को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए अब लगातार निगरानी रखी जाएगी। यदि किसी भी दुकानदार या व्यक्ति द्वारा दोबारा सड़क या फुटपाथ पर कब्जा करने का प्रयास किया गया तो उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
