हमीरपुर। परिवहन आयुक्त महोदय के निर्देशों के क्रम में शनिवार को आजमगढ़ मंडल के संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सुनील दत्त द्वारा हमीरपुर स्थित सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की विभिन्न व्यवस्थाओं, वाहन फिटनेस प्रक्रिया, विभिन्न पटलों, अभिलेखागार एवं रिकॉर्ड रूम का बारीकी से जायजा लेते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए निरीक्षण के दौरान आरटीओ प्रवर्तन ने कार्यालय में उपस्थित आवेदकों से सीधे संवाद कर कर्मचारियों के व्यवहार, आवेदन संबंधी प्रक्रिया, कार्य में होने वाले व्यय तथा किसी प्रकार की अतिरिक्त धनराशि की मांग किए जाने के संबंध में जानकारी ली। आवेदकों द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यालय परिसर में किसी भी अनधिकृत व्यक्ति अथवा बिचौलिये का प्रवेश नहीं होना चाहिए। यदि किसी अधिकारी, कर्मचारी अथवा अन्य व्यक्ति द्वारा किसी कार्य के बदले धनराशि की मांग की जाती है तो इसकी सूचना तत्काल सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी को दी जाए। उन्होंने कार्यालयीय कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता, जवाबदेही एवं निर्धारित प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए आरटीओ प्रवर्तन ने वाहनों की फिटनेस जांच निर्धारित मानकों एवं नियमों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता के साथ किए जाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि फिटनेस प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता न बरती जाए उन्होंने कार्यालय में कार्यरत लिपिकों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि कार्यालय आने वाले आवेदकों एवं आगंतुकों के साथ सद्भावपूर्ण, शालीन एवं सहयोगात्मक व्यवहार किया जाए। किसी आवेदन में कमी अथवा तकनीकी समस्या होने पर आवेदक को स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराई जाए तथा प्रकरण का यथाशीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक रूप से कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय परिसर में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता एवं निगरानी व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यालय की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी के लिए सीसीटीवी व्यवस्था सदैव सुचारु रखी जाए आरटीओ प्रवर्तन ने परिवहन विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही ऑनलाइन एवं घर बैठे प्राप्त होने वाली सेवाओं का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को अनावश्यक रूप से कार्यालय आने की आवश्यकता न पड़े तथा विभागीय सेवाओं का लाभ सुविधाजनक एवं पारदर्शी तरीके से प्राप्त हो सके इस दौरान एआरटीओ प्रशासन/प्रवर्तन श्री प्रवीण सिंह द्वारा कार्यालय की विभागीय प्रगति एवं विभिन्न कार्यों की वर्तमान स्थिति से आरटीओ प्रवर्तन को अवगत कराया गया। औचक निरीक्षण के दौरान प्रवर्तन अधिकारी श्री सूर्यप्रताप देव सहित संबंधित लिपिक एवं कर्मचारी उपस्थित पाए गए।
