Spread the love

मौदहा हमीरपुर – नगर के बलदेव स्वीट हाउस के समीप वर्षों से क्षतिग्रस्त स्टेशन रोड की मरम्मत और जलभराव की समस्या के समाधान की मांग को लेकर मानवाधिकार सुरक्षा एवं अपराध निरोधक संगठन आगे आया है। संगठन के जिलाध्यक्ष सैय्यद शहबाज अली के नेतृत्व में एक दर्जन से अधिक पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उपजिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर एसडीएम करन वीर सिंह को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि स्टेशन रोड पर लंबे समय से जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण पानी भरा रहता है। इससे सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे और कीचड़ हो गया है। यहां से गुजरने वाले वाहन आए दिन असंतुलित होकर पलट जाते हैं, जिससे कई लोग चोटिल भी हो चुके हैं। संगठन ने आशंका जताई कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो कभी भी गंभीर हादसा हो सकता है।
संगठन के जिलाध्यक्ष ने बताया कि उक्त मार्ग मौदहा-रागौल रेलवे स्टेशन को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है, जिस पर दिनभर लोगों का आवागमन बना रहता है। उन्होंने बताया कि नगर पालिका से समस्या के समाधान की मांग की गई थी, लेकिन पालिकाध्यक्ष ने इसे लोक निर्माण विभाग के कार्यक्षेत्र का मामला बताते हुए जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया।
संगठन ने प्रशासन से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने, गड्ढों को भरने और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की। वहीं एसडीएम करन वीर सिंह ने समस्या का शीघ्र निस्तारण कराने का आश्वासन दिया।
इस मौके पर जिला महासचिव आसिफ शकील, जिला उपाध्यक्ष संजय प्रजापति, वाहिद अहमद, इस्लाम उद्दीन, शाहरुख चेयरमेन, पिंटू भाई, सोनू मेडिकल, सलाहुद्दीन, सद्दाम, डॉ. सत्यहरी, आशीष सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *