हमीरपुर। कुरारा थाना क्षेत्र के शिवनी गांव में बुधवार दोपहर दर्दनाक हादसे में 55 वर्षीय फर्नीचर कारीगर की छत से गिरकर मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंचे परिजन गंभीर हालत में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुरारा लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
शिवनी गांव निवासी श्याम बिहारी पुत्र स्व. रामगोपाल विश्वकर्मा बुधवार दोपहर करीब दो बजे अपने घर की छत पर पन्नी डाल रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह छत से नीचे जा गिरे। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं। परिजन आनन-फानन में उन्हें लेकर सीएचसी कुरारा पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के मुताबिक श्याम बिहारी फर्नीचर बनाने का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी अचानक हुई मौत से परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियां भी प्रभावित हुई हैं।
मृतक की पत्नी रानी (50) का रो-रोकर बुरा हाल है। उनके दो बेटे अभिषेक (15) और अनमोल (8) हैं। वहीं दो बेटियों में श्वेता विवाहित हैं, जबकि 13 वर्षीय ज्योति अभी अविवाहित है।
श्याम बिहारी की असामयिक मौत की खबर से पूरे शिवनी गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
