Spread the love

राठ (हमीरपुर)। कोतवाली क्षेत्र के सैना रोड पर गुरुवार सुबह दो स्कूली बसों की आमने-सामने भीषण भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बसों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में प्रभा शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज अमगाँव के सात छात्र-छात्राएं मामूली रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह करीब सात बजे प्रभा शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज की बस छात्र-छात्राओं को लेकर स्कूल जा रही थी। इसी दौरान सैना रोड पर आरपी गुरुकुल शिक्षण संस्थान की खाली स्कूल बस से उसकी आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में प्रभा शिक्षा निकेतन के सात छात्र ग्राम करगवां निवासी स्नेहा (15) पुत्री रामसेवक व उसका भाई हर्ष (13),ग्राम टीकुर निवासी रिया (13)पुत्री जयहिंद,साक्षी (12) पुत्री सुरेंद्र कुमार व करिश्मा (12) पुत्री हरि मोहन, ग्राम लींगा निवासी संज्योति (14) पुत्री शत्रुघन व नय न्शी (13) पुत्री रामभरोसे को मामूली चोटें आईं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही राठ कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल छात्र-छात्राओं को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) राठ भेजा। चिकित्सकों ने सभी बच्चों का प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार सभी बच्चों की स्थिति सामान्य है। उपचार के बाद बच्चों को उनके अभिभावकों के साथ घर भेज दिया गया।

मुख्यमंत्री ने हादसे का लिया संज्ञान

हादसे की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायल बच्चों का समुचित उपचार सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायल बच्चों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा उनके परिजनों से संवाद कर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने घायल बच्चों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। क्षेत्राधिकारी राठ राजीव प्रताप सिंह ने बताया कि दुर्घटना में सात छात्र-छात्राएं मामूली रूप से घायल हुए हैं। सभी की हालत सामान्य है। पुलिस द्वारा घटना के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। मौके पर शांति एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *