हमीरपुर । जिले में एक बार फिर सड़क की मांग को लेकर (Zen Alpha) स्कूली बच्चों का अनोखा प्रदर्शन देखने को मिला। कुरारा ब्लॉक के जमरेही गांव के स्कूली बच्चे (Zen Alpha) हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर कलेक्ट्रेट पहुंच गए। बच्चों का कहना है कि बरसात में गांव की कच्ची सड़क कीचड़ और दलदल में बदल जाती है, जिससे स्कूल जाना बेहद मुश्किल हो जाता है। कई बार बच्चे गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं।
जैसे ही बच्चे कलेक्ट्रेट के अंदर पहुंचे, पुलिस ने उन्हें रोक लिया और समझाने का प्रयास किया। एडीएम और एसपी भी मौके पर पहुंचे और बच्चों से बातचीत कर उनकी समस्या सुन रहे हैं। लेकिन बच्चे जिलाधिकारी से सीधे मिलने की जिद पर अड़े हैं और डीएम कार्यालय के पास धरने पर बैठ गए हैं। बरसात शुरू होते ही हर साल यही समस्या सामने आती है। स्कूली बच्चों के इस प्रदर्शन ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। कलेक्ट्रेट परिसर को सुरक्षा को लेकर छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
