राठ (हमीरपुर)। बोन एवं जॉइंट सप्ताह के अवसर पर सीएचसी राठ के ऑर्थोपेडिक सर्जन एवं अधीक्षक डॉ. अरविंद कुमार यादव ने लोगों से हड्डियों और जोड़ों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि मजबूत हड्डियां और स्वस्थ जोड़ लंबे समय तक सक्रिय एवं आत्मनिर्भर जीवन के लिए जरूरी हैं। डॉ. यादव ने बताया कि उम्र बढ़ने के साथ हड्डियों की मजबूती बनाए रखने के लिए कैल्शियम, विटामिन-डी, प्रोटीन समेत आवश्यक पोषक तत्वों के साथ नियमित शारीरिक गतिविधि जरूरी है। घुटने, कमर और कंधे के दर्द तथा जोड़ों की जकड़न के पीछे बढ़ती उम्र के अलावा अधिक वजन, असंतुलित खान-पान, पोषण की कमी, शारीरिक गतिविधि का अभाव, अत्यधिक श्रम और अनियंत्रित मधुमेह जैसे कारण हो सकते हैं। उन्होंने मेनोपॉज के बाद महिलाओं को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी। इस दौरान हड्डियों के कमजोर होने और ऑस्टियोपीनिया व ऑस्टियोपोरोसिस का खतरा बढ़ सकता है। उन्होंने योग, पैदल चलने और उम्र के अनुरूप व्यायाम को दिनचर्या में शामिल करने की सलाह दी। डॉ. यादव ने कहा कि कैल्शियम, विटामिन-डी या अन्य सप्लीमेंट बिना चिकित्सकीय सलाह के नहीं लेने चाहिए। लगातार दर्द, सूजन, जकड़न या चलने में परेशानी होने पर समय से चिकित्सकीय जांच करानी चाहिए। सही खान-पान, व्यायाम और उचित उपचार से व्यक्ति लंबे समय तक स्वस्थ और आत्मनिर्भर रह सकता है।
