मुस्करा, हमीरपुर। कोतवाली मुस्करा क्षेत्र के इमलिया गांव में शुक्रवार सुबह लोहे के दरवाजे में उतरे करंट की चपेट में आने से 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
इमलिया निवासी तुलसीदास (25) पुत्र श्रीप्रकाश यादव सुबह करीब 10 बजे शिव मंदिर से पूजा कर घर लौटे थे। जैसे ही उन्होंने घर का लोहे का दरवाजा खोला, उसमें उतरे करंट की चपेट में आ गए। परिजन आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुस्करा लेकर पहुंचे, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. शिवजी गुप्ता ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
तुलसीदास दो भाइयों में सबसे बड़े थे और अविवाहित थे। वह दिव्यांग भी थे। उनकी मौत से घर में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में एक बहन और एक भाई हैं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
