Spread the love

हमीरपुर। जिलाधिकारी अभिषेक गोयल के निर्देशन में जनपद में बाल श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम, 1986 यथा संशोधित बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम, 2016 के प्रभावी अनुपालन हेतु विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। शासन के निर्देशानुसार 01 जुलाई से 31 अगस्त, 2026 तक बाल एवं किशोर श्रमिकों के चिन्हांकन, अवमुक्तीकरण एवं पुनर्वास के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।
जिसके तहत शुक्रवार को सुमेरपुर एवं मौदहा तहसील क्षेत्रों में सीडब्ल्यूसी मजिस्ट्रेट विभा भारती, श्रम प्रवर्तन अधिकारी विजयपाल सोनकर, जिला समन्वयक चाइल्ड लाइन तथा एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग थाना प्रभारी राकेश कुमार के संयुक्त नेतृत्व में सघन निरीक्षण एवं छापेमारी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया, जिसमें 5 सेवायोजकों के यहां कार्यरत 6 बाल एवं किशोर श्रमिकों को मुक्त कराते हुए संबंधित सेवायोजकों के विरुद्ध निरीक्षण टिप्पणियां जारी की गईं तथा नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई प्रारंभ की गई।
अभियान के दौरान अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालकों एवं व्यापारियों को बाल श्रम निषेध संबंधी कानूनों की जानकारी देते हुए किसी भी बालक अथवा किशोर से अवैधानिक रूप से कार्य न कराने की अपील की। साथ ही बताया गया कि बाल श्रम कराने वाले सेवायोजकों के विरुद्ध बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम, 2016 के तहत कठोर दंडात्मक कार्रवाई का प्रावधान है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि जनपद में संचालित होटल, ढाबों, रेस्टोरेंट, कैटरिंग प्रतिष्ठानों, हलवाई प्रतिष्ठानों, विवाह समारोहों में कार्यरत श्रमिकों सहित अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण कर बाल एवं किशोर श्रमिकों का चिन्हांकन किया जाए। साथ ही व्यापारिक संगठनों के सहयोग से जन-जागरूकता अभियान चलाकर बाल श्रम उन्मूलन को प्रभावी बनाया जाए।निरीक्षण के दौरान टीम द्वारा प्रतिष्ठान संचालकों को शासन द्वारा निर्धारित न्यूनतम वेतन के अनुरूप श्रमिकों को वेतन का भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि न्यूनतम वेतन अधिनियम के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित सेवायोजकों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।इस विशेष अभियान में सीडब्ल्यूसी मजिस्ट्रेट श्रीमती विभा भारती, श्रम प्रवर्तन अधिकारी विजयपाल सोनकर, जिला समन्वयक चाइल्ड लाइन, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग थाना प्रभारी राकेश कुमार, श्रम विभाग के सूरजभान सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *