राठ (हमीरपुर)। उपजिलाधिकारी चित्रा निर्वाल ने आज शनिवार को नगर के महोबा मार्ग स्थित नवीन मंडी परिसर का औचक निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था, पेयजल सुविधा और अभिलेखों का जायजा लिया। उन्होंने मंडी सचिव राजेश कुमार वर्मा को परिसर की स्वच्छता बनाए रखने तथा मूलभूत सुविधाएं बेहतर करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने मंडी से संबंधित 6आर एवं 9आर अभिलेखों की जांच की। साथ ही व्यापारियों को आवंटित शेड के नवीनीकरण से जुड़े दस्तावेज भी देखे। उन्होंने बंद पड़ी नालियों की शीघ्र सफाई कराकर जल निकासी व्यवस्था सुचारु करने के निर्देश दिए। एसडीएम ने मंडी परिसर में आने वाले किसानों, व्यापारियों और अन्य लोगों के लिए शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मंडी परिसर की स्वच्छता, सुविधाओं और व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा समय-समय पर निरीक्षण जारी रहेंगे।
