हमीरपुर – समाजवादी पार्टी कार्यालय, हमीरपुर में बुधवार को गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर महाराजा दक्ष प्रजापति की जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त बीडीओ राम नारायण प्रजापति ने की।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने महाराजा दक्ष प्रजापति के जीवन, उनके सामाजिक योगदान तथा ओबीसी एवं एससी समाज में व्याप्त कुरीतियों के सुधार के लिए किए गए कार्यों का उल्लेख किया। वक्ताओं ने उनके संघर्षों और समाज के प्रति समर्पण को प्रेरणादायी बताते हुए उनके विचारों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पार्टी नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव 2027 में समाजवादी पार्टी को मजबूत करने तथा PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) सामाजिक गठबंधन को संगठित करने का संकल्प व्यक्त किया। अध्यक्षता कर रहे राम नारायण प्रजापति ने समाज को एकजुट रहने का संदेश दिया।
पूर्व विधानसभा प्रत्याशी नारायण दास प्रजापति ने समाज और PDA को एक सूत्र में बांधकर 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने पर जोर दिया। जिला उपाध्यक्ष परशुराम प्रजापति ने घर-घर जाकर संगठन को मजबूत करने की अपील की। जिलाध्यक्ष मोहम्मद इदरीश खान ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।
जिला उपाध्यक्ष हरनारायण निषाद ने कहा कि प्रजापति समाज ने सदैव पार्टी के साथ मजबूती से कार्य किया है। वरिष्ठ नेता बीरबल चौधरी ने एससी और ओबीसी समाज की एकजुटता पर बल दिया। मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष मिस्बाहुल हसन ‘लाला प्रधान’ ने समाज के लोगों से मतभेद भुलाकर अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। पूर्व नगर पालिका प्रत्याशी युगांक मिश्रा ने महाराजा दक्ष प्रजापति के प्रशासनिक योगदान पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष मोहम्मद इदरीश खान, नारायण दास प्रजापति, हरनारायण निषाद, मिस्बाहुल हसन, युगांक मिश्रा, राघवेन्द्र यादव ‘लकी’, रिजवान खान, सैयद उमर, ओम प्रकाश सोनकर वारसी, मोहम्मद सलीम, छाया प्रजापति सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समाज के लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में देवीदयाल निषाद एवं रामनारायण निषाद ने जिलाध्यक्ष मोहम्मद इदरीश खान के समक्ष समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
