मौदहा हमीरपुर।रविवार को कस्बा गांधी इंटर कालेज में संत निरंकारी मिशन द्वारा आयोजित जिलास्तरीय विशाल आध्यात्मिक महिला समागम का आयोजन हुआ। इस विशाल महिला समागम में हमीरपुर, सुमेरपुर, बिवार, राठ सहित जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में माताएं बहनें और महिलाएं सम्मिलित हुई। इस आध्यात्मिक महिला समागम की अध्यक्षता झांसी से आयी हुई ब्रह्मज्ञानी बहन शशिप्रभा ने की।
बहन शशिप्रभा ने कहा हर नारी स्वयं भी खुश रहना चाहती हैं और घर-परिवार को भी सुखी बनाना चाहती हैं तो ‘निरंकारी सत्संग’ से बेहतर कोई विकल्प नहीं है। ब्रह्मज्ञान प्राप्त कर प्रभु परमात्मा को जानकर जीवन का असल मकसद हासिल करके लाखों इंसानों का जीवन सफल हुआ है और उनके घर-परिवारों में रोनकें आ गयी हैं।
बहन ने आगे समझाया कि जिस घर में परिवार के सभी सदस्य मर्यादा में रहते हुए अपनी-अपनी जिम्मेदारियों को निभाते है वहां हर समय प्यार ही प्यार होता है और स्वर्ग का नक्शा बना रहता है। ऐसे घर-परिवार में शारीरिक, मानसिक व आर्थिक अर्थात् हर तरह के सुख बरसते हैं।
समागम में गीतों एवं आध्यात्मिक विचारों के माध्यम से प्यार, करुणा, एकत्व व भाईचारे का संदेश दिया गया। अंत में हमीरपुर जिला संयोजक महात्मा क्रांति कुमार निरंकारी ने सभी का स्वागत एवम् धन्यवाद दिया व मानव कल्याण, विश्व बंधुत्व और प्रेमपूर्ण जीवन अपनाने हेतु संदेश दिया।
सम्पूर्ण कार्यक्रम मौदहा संगत के मुखी महात्मा रामबहादुर के निर्देशन में तैयार किया गया, सभी सेवाएं जिले के सभी सेवादल संचालकों एवं सदस्यों के द्वारा मिल–जुल कर सुचारू रूप से सम्पन्न की गई।
