हमीरपुर – कस्बा कुरारा के वार्ड नंबर 9 स्थित नई बस्ती में जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। घरों का गंदा पानी सड़क पर जमा होने से आवागमन प्रभावित हो रहा है, वहीं बदबू के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। मोहल्ला निवासियों का कहना है कि पूरी नई बस्ती का पानी एक ही रास्ते पर जमा हो जाता है, लेकिन उसकी निकासी के लिए नाली की व्यवस्था नहीं है। बरसात के मौसम में स्थिति और गंभीर हो जाती है। बारिश के दौरान सड़क पर घुटनों तक पानी भर जाता है और कई घरों में भी पानी घुस जाता है, जिससे लोगों का जनजीवन प्रभावित होता है। स्थानीय निवासी अनीश श्रीवास्तव, रामसजीवन निषाद, जयप्रकाश मिश्रा, मुंशीलाल, उदय नारायण, पुत्तन सेंगर, तुलसीराम और जयनारायण सहित अन्य लोगों ने बताया कि इस समस्या की शिकायत कई बार नगर पंचायत प्रशासन से की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। मोहल्ले के लोगों ने नगर पंचायत से जल्द नाली निर्माण कराकर जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि बरसात के दौरान होने वाली परेशानी से राहत मिल सके।
