सरीला (हमीरपुर)। ग्राम खेड़ा शिलाजीत से तहसील सरीला को जोड़ने वाली मुख्य सड़क की जर्जर हालत क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई है। करीब 20 गांवों को जोड़ने वाली इस सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हो गए हैं। इससे राहगीरों को रोज दुर्घटनाओं का सामना करना पड़ रहा है और आवागमन जोखिम भरा हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग क्षेत्र के हजारों लोगों की जीवनरेखा है। इसी रास्ते से छात्र-छात्राएं विद्यालय और महाविद्यालय, किसान मंडी, व्यापारी बाजार तथा मरीज इलाज के लिए तहसील मुख्यालय सरीला पहुंचते हैं। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण सफर कठिन होने के साथ-साथ वाहन भी क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क की मरम्मत और चौड़ीकरण की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन जनप्रतिनिधियों और लोक निर्माण विभाग ने अब तक कोई ठोस पहल नहीं की। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से सड़क का शीघ्र चौड़ीकरण कराकर गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो भविष्य में बड़े हादसे हो सकते हैं। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी अभिषेक गोयल से सड़क निर्माण एवं सड़क चौड़ीकरण की मांग की है।
