राठ (हमीरपुर)। राठ तहसील परिसर में आज गुरुवार को श्यामला देवी सेवा समिति के बैनर तले बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर श्यामला देवी मंदिर की भूमि पर कथित अवैध कब्जा, फर्जी समिति द्वारा अवैध वसूली और मंदिर परिसर में नियुक्त पुजारी पर मनमानी के आरोप लगाए। प्रदर्शनकारियों ने तहसीलदार दिलीप कुमार को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीण हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर तहसील पहुंचे तथा नारेबाजी करते हुए मंदिर की संपत्ति को सुरक्षित कराने और अनियमितताओं पर रोक लगाने की मांग उठाई। उनका आरोप है कि बड़ा गांव का एक व्यक्ति मंदिर की गाटा संख्या 267 में दर्ज कृषि भूमि पर अवैध रूप से खेती कर रहा है। विरोध करने पर वह अभद्रता और झगड़े पर उतारू हो जाता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से भूमि को कब्जामुक्त कराने की मांग की।प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि कस्बा राठ के कुछ लोगों ने फर्जी समिति बनाकर मंदिर में लगने वाले मेले के नाम पर अवैध वसूली शुरू कर दी है। साथ ही मंदिर परिसर में नियुक्त पुजारी को हटाने की भी मांग की गई। उनका कहना है कि मंदिर का संचालन पारदर्शी ढंग से होना चाहिए और उसकी आय का उपयोग केवल मंदिर के विकास व धार्मिक कार्यों में किया जाए।
इस दौरान बड़ा गांव निवासी सिद्ध गोपाल, प्रेमचंद, भागीरथ, किशोरी लाल, कुंज बिहारी, देवकीनंदन सहित कई ग्रामीण शामिल रहे। उन्होंने मांग की कि मंदिर की समस्त संपत्ति को विधिवत मंदिर के अधीन कर उसका संरक्षण सुनिश्चित किया जाए।
