हमीरपुर – थाना ललपुरा क्षेत्र के भुजपुर गांव में पारिवारिक विवाद के बाद एक 75 वर्षीय बुजुर्ग साधु ने कथित तौर पर खुद को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर लिया। परिजन उन्हें पहले छानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और बाद में जिला अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, भुजपुर निवासी लल्लू (75) कई वर्षों से साधु वेश में रह रहे हैं। परिजनों का कहना है कि वह पहले विभिन्न मंदिरों में पूजा-पाठ करते थे, लेकिन विवादों के चलते कई स्थानों से उन्हें हटाया गया। वर्तमान में वह गांव के बाहर एक मंदिर में पूजा करते थे, जहां से भी उन्हें हटा दिया गया था। बेटे रामविलास के अनुसार, बुधवार सुबह घर में कहासुनी के बाद लल्लू ने कथित तौर पर आत्महत्या के इरादे से अपने पेट में चाकू घोंप लिया। घटना देखकर उनकी नातिन घबरा कर बेहोश हो गई। परिजन तत्काल उन्हें छानी सीएचसी ले गए, जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया।जिला अस्पताल में सर्जन उपलब्ध न होने के कारण पेट में धंसे चाकू को निकालना जोखिमपूर्ण माना गया। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर.एस. प्रजापति ने बताया कि चाकू निकालने पर अत्यधिक रक्तस्राव का खतरा था, इसलिए प्राथमिक उपचार के बाद मरीज को बेहतर इलाज के लिए कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया।पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, मामले की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
