मुस्करा (हमीरपुर) | कस्बा मुस्करा के ‘छे थोक’ मोहल्ले में शनिवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। रविवार को होने वाली शादी से ठीक एक दिन पहले, शनिवार को घर में हल्दी-मेहंदी की रस्मों की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान साउंड सिस्टम लगाने आए एक 22 वर्षीय युवक की 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया और शादी वाले घर की खुशियां आंसुओं में बह गईं जानकारी के अनुसार, मोहल्ला निवासी देवकरण कुशवाहा के पुत्र की रविवार को बारात जानी है। शनिवार को घर में हल्दी का मांगलिक कार्यक्रम चल रहा था, जिसके लिए साउंड सिस्टम बुक किया गया था। साउंड का काम करने वाला पंकज (22 वर्ष), पुत्र हीरालाल, सामान नीचे रखने के बाद जैसे ही साउंड के तार फैलाने के लिए छत पर चढ़ा, वह हादसे का शिकार हो गया। शाम को हुई बारिश की वजह से छत गीली थी। इसी दौरान छत के छज्जे के पास से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन से पंकज का संपर्क हो गया और उसे जोरदार करंट लग गया हादसे के तुरंत बाद शादी समारोह में भगदड़ मच गई। लोग आनन-फानन में अचेत पंकज को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) मुस्करा भागे। लेकिन अफसोस, तब तक काफी देर हो चुकी थी। इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. शिवजी गुप्ता ने जांच के बाद पंकज को मृत घोषित कर दिया मृतक पंकज दो भाइयों में छोटा था। वह न सिर्फ साउंड सिस्टम का काम संभालता था बल्कि ट्रक चालक के रूप में मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण भी करता था। उसकी असामयिक मौत की खबर मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, दूल्हे के घर में जहां बारात के स्वागत और मेहमानों की गहमागहमी होनी थी, वहां सन्नाटा और चीख-पुकार मची हुई है कस्बा प्रभारी निरीक्षक राजू साहू ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसका पंचायतनामा भर दिया है और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की तरफ से तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।
