Spread the love

हमीरपुर – कस्बा कुरारा के बेरी तिराहा स्थित एक फास्ट फूड होटल में शनिवार दोपहर सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई। धमाका इतना जोरदार था कि पास खड़ी मोमोज की रेहड़ी कई फीट दूर जाकर गिरी और देखते ही देखते जलकर राख हो गई। आग की लपटों ने होटल को आग के गोले में तब्दील कर दिया, जबकि समीप खड़ी एक बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी और हड़कंप मच गया। सूचना के अनुसार शनिवार करीब 3 बजे बेरी तिराहा स्थित ओरा कैफे में अचानक सिलेंडर फट गया। कैफे संचालक साकेत प्रजापति पुत्र बद्री प्रसाद, निवासी ग्राम सरसई, थाना कुरारा हैं। धमाके के बाद लगी आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया और बगल में स्थित बालाजी किराना स्टोर को भी अपनी चपेट में ले लिया। किराना स्टोर के स्वामी प्रमोद गुप्ता पुत्र लीलाधर गुप्ता बताए गए हैं। आग से दुकान में रखा काफी सामान जलकर नष्ट हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धमाके के समय होटल के ऊपरी हिस्से में कुछ लोग कार्य कर रहे थे, जिन्हें पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही थाना कुरारा पुलिस मौके पर पहुंची और फायर सर्विस को बुलाया गया। दमकल कर्मियों, पुलिस और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयास से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। कुरारा पुलिस के अनुसार घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। हालांकि आग से होटल, रेहड़ी और आसपास की दुकानों को नुकसान पहुंचा है। पुलिस मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *