मौदहा हमीरपुर |- वार्ड नंबर 19 के वासिंदे करीब 25 साल से कच्चे रास्ते और कीचड़ में जीने को मजबूर हैं। मंगलवार को वार्ड के तीन दर्जन से अधिक महिला-पुरुषों ने सभासद बाबूराम के नेतृत्व में नगर पालिका अध्यक्ष की चौखट पर पहुंचकर सड़क निर्माण की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया और ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन देने पहुंचे छिद्दू मिस्त्री ने बताया कि वार्ड-19 में लगभग 1000 की आबादी और 200 घर हैं। विनायक गेस्ट हाउस से सैयद अख्तर अली के प्लाट तक के पूरे इलाके में आज तक न तो सड़क बनी है और न ही इंटरलॉकिंग हुई है। बरसात में पूरे मोहल्ले की हालत बदतर हो जाती है।स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात में स्कूली छात्र-छात्राओं को पानी और कीचड़ से होकर स्कूल जाना पड़ता है। कई बार पैर फिसलने से बच्चों के कपड़े गंदे हो जाते हैं। रास्ते में जहरीले कीड़े भी निकल आते हैं, जिससे हादसे का डर बना रहता है। दो दशक से ज्यादा समय बीत गया, लेकिन जनप्रतिनिधियों ने इस वार्ड की सुध नहीं ली।
सभासद बाबूराम के साथ ज्ञापन देने वालों में रऊफ खान, आरिफ फौजी, अख्तर अली उर्फ बाबू, हरिराम, नईमून निशा समेत बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष शामिल रहे। सभी ने नगर पालिका अध्यक्ष से मांग की कि मानसून से पहले वार्ड-19 में सड़क/इंटरलॉकिंग का निर्माण कराया जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके। नगर पालिका अध्यक्ष रजा मोहम्मद श्रीनाथ ने बताया कि ज्ञापन प्राप्त हुआ है जल्दी समस्या का समाधान किया जाएगा।
