राठ (हमीरपुर)। शनिवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अलका शुक्ला ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने इमरजेंसी वार्ड, ओपीडी तथा विभिन्न विभागों का जायजा लेते हुए रजिस्टरों और अभिलेखों की जांच की।
निरीक्षण में अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाएं तथा अन्य व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं। व्यवस्थाओं से संतुष्ट होकर सीएमओ ने सीएचसी अधीक्षक डॉ. अरविंद यादव की सराहना की।
सीएमओ ने अस्पताल में भर्ती और उपचार के लिए आए मरीजों से भी बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। मरीजों ने अस्पताल में किसी प्रकार की परेशानी न होने की बात कही।
इसके बाद सीएमओ ने महिला अस्पताल का भी निरीक्षण किया। वहां भी स्वास्थ्य सेवाएं और व्यवस्थाएं व्यवस्थित मिलीं। उन्होंने अस्पताल स्टाफ को इसी प्रकार गुणवत्तापूर्ण सेवाएं देने के निर्देश दिए। इस अवसर पर डॉ. कनिष्ठ माहुर, डॉ. डी.एस. वर्मा, फार्मासिस्ट विवेक गुप्ता, बृजेश राजपूत, स्टाफ नर्स प्रियंका, मोहित यादव सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
