Spread the love

मौदहा( हमीरपुर)। विकास खंड में तैनात एक ग्राम सचिव ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। गुरुवार को किराए के कमरे में उनका शव फंदे से लटका मिलने से प्रशासनिक अमले और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रयागराज के नैनी निवासी 38 वर्षीय राजू सिंह पटेल पुत्र सृष्टि नारायण पटेल मौदहा नगर के मराठीपुरा मोहल्ले में मानस कुमार गुप्ता के मकान में किराए से अकेले रहते थे। वह विकास खंड मौदहा के अंतर्गत कुनहेटा, हिमौली और लदारपारा ग्राम पंचायतों में सचिव के पद पर तैनात थे।
सहकर्मी केशव ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 9:45 बजे उनकी राजू सिंह पटेल से फोन पर बात हुई थी। इस दौरान उन्होंने बताया था कि वह रात में बाहर गए थे और उन्हें सोने दिया जाए, परेशान न किया जाए। इसके बाद कर्मचारियों ने कई बार फोन मिलाया, लेकिन फोन बंद मिला।मृतक के चालक सुनील कुमार ने बताया कि उन्हें कुछ रुपये लेने थे। जब उन्होंने फोन किया तो मोबाइल बंद था। इसके बाद उन्होंने सचिव की पत्नी श्वेता को सूचना दी। पत्नी ने मौदहा में तैनात सचिव गिरीश पटेल को फोन कर कमरे पर जाकर बात कराने के लिए कहा।
गिरीश पटेल अपने साथियों महेंद्र और योगेश के साथ ढाई बजे मौके पर पहुंचे तो कमरे का ताला बाहर से बंद मिला। उन्होंने इसकी जानकारी पत्नी को दी। पत्नी के कहने पर ताला दूसरी चाभी से खोला गया। कमरे के अंदर पहुंचने पर राजू सिंह पटेल का शव फंदे से लटका मिला। यह देखकर सभी के होश उड़ गए। इसके बाद पुलिस और परिजनों को सूचना दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम करनवीर सिंह, बीडीओ राघवेंद्र सिंह तथा विकास खंड में तैनात अन्य सचिव मौके पर पहुंच गए। वहीं मराठीपुरा मोहल्ले में भी लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना पर फॉरेन्सिक टीम चार बजे आई और शव की जांच पड़ताल कर शव को फन्दे से नीचे उतारा l
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक अपने पीछे पत्नी श्वेता और एक वर्षीय पुत्र को छोड़ गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *