हमीरपुर – विकासखंड मौदहा क्षेत्र के ग्राम लेवा की प्रशासक ग्राम प्रधान बृजरानी ने जिलाधिकारी हमीरपुर को पत्र भेजकर मरघट और खलिहान की सरकारी जमीन पर अतिक्रमण का आरोप लगाया है। प्रधान ने चेतावनी दी है कि अगर प्रशासन ने जमीन कब्जा मुक्त नहीं कराई तो वह बच्चों को लेकर दिल्ली मजदूरी करने चली जाएंगी।
बृजरानी पत्नी स्वर्गीय संतोष कुमार वर्मा ने पत्र में बताया कि ग्राम सभा की मरघट व खलिहान की जमीन पर राजेश वर्मा, रामप्रसाद प्रजापति, दिनेश सिंह, अनिल सिंह चौहान एवं चंद्रभान सिंह ने अस्थाई कब्जा कर लिया है। वहीं बच्चू यादव व सुरेंद्र सिंह ने कच्चा घर बनाकर स्थाई कब्जा कर लिया है।
पत्र के अनुसार ग्राम निधि से मरघट गाटा संख्या 365 की चौहद्दी एंगल-जाली लगवाई जा रही थी और हैंडपंप बोरिंग का कार्य चल रहा था। तभी राजेश वर्मा ने खुद का कब्जा बताकर काम रुकवा दिया। आरोप है कि राजेश वर्मा आए दिन सरकारी काम में बाधा डालता है और पत्नी को आगे कर गाली-गलौज व जान-माल की धमकी देता है।
प्रधान ने लेखपाल पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। कहा कि लेखपाल ने गौशाला की सरकारी लकड़ी मिलीभगत कर बिकवा दी। सरकारी कर्मचारी हरिजन एक्ट में फंसाने के डर से कार्रवाई नहीं करते, क्योंकि राजेश वर्मा पहले भी कई लोगों पर मुकदमा लगा चुका है प्रधान बृजरानी ने DM से गाटा संख्या 365 मरघट व गाटा संख्या 306 खलिहान पर राजस्व टीम गठित कर जांच कराने और कब्जा मुक्त कराने की मांग की है, ताकि तार फेंसिंग व वृक्षारोपण का कार्य कराया जा सके। साथ ही हैंडपंप का रुका कार्य दोबारा शुरू हो सके।
