हमीरपुर | बिवांर थाना क्षेत्र के छानी खुर्द और छानी बुजुर्ग गांवों में बिजली-पानी की गंभीर समस्या से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर चक्काजाम कर दिया।भीषण गर्मी के बीच बिजली गुल रहने से गुस्साए ग्रामीणों द्वारा लगाए गए जाम से रोड के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।दोपहर ढाई बजे से चार बजे तक लगभग डेढ़ घंटे तक चले इस जाम के कारण गाड़ियों में बैठे मुसाफिर और राहगीर भीषण गर्मी में बेहाल नजर आए।
जाम की सूचना मिलते ही मौके पर बिवांर थाना और ललपुरा थाने की पुलिस फोर्स पहुंच गई। कुछ ही देर में मौदहा के क्षेत्राधिकारी (CO) राजकुमार पाण्डेय भी मौके पर आ पहुंचे।वहीं छानी क्षेत्र के जिलापंचायत सदस्य हरगोविंद प्रजापति और अंकित शिवहरे ने आरोप लगाया कि सीओ राजकुमार पाण्डेय ने लोगों की समस्या सुनने के बजाय तानाशाही रवैया अपनाते हुए बिवांर थाना प्रभारी नन्दराम प्रजापति को खुलेआम कहा कि जाम लगाने वाले इन सभी लोगों पर फर्जी मुकदमा लिख दो।बताया कि प्रशासनिक अधिकारी की इस कथित धमकी और पुलिसिया दबाव के बाद आखिरकार ग्रामीणों को जाम खोलना पड़ा।
जाम खुलने के बाद बिवांर थाना प्रभारी नंदराम प्रजापति ने मामले को शांत कराने का प्रयास किया।वहीं सीओ राजकुमार पांडेय ने बताया कि बिजली विभाग के एसडीओ (SDO) से फोन पर बात हुई है जिन्होंने शाम छः बजे तक बिजली बहाली का आश्वासन दिया है।इस आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए।जाम के दौरान विमल सिंह ,सोनू शिवहरे ,राजेश शिवहरे ,विमल शुक्ला ,नीरज शर्मा ,अर्पित ओमर समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे इस पूरे घटनाक्रम के दौरान एक और दिलचस्प नजारा देखने को मिला। जाम और ग्रामीणों के भारी आक्रोश के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला उपाध्यक्ष किशन व्यास भी वहां से अपनी गाड़ी में निकले ,जिन्हें देखते ही लोगों ने उन्हें घेर लिया और सवाल-जवाब करने लगे लेकिन हालात बिगड़ते देख गाड़ी में बैठक निकल गए।
