Spread the love

राठ (हमीरपुर) । विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) राठ में “एक वृक्ष माँ के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन तथा वृक्षारोपण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना रहा।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. अरविंद कुमार यादव ने कहा कि पौधे और वृक्ष मानव जीवन तथा पृथ्वी के पारिस्थितिक तंत्र के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने बताया कि वृक्ष प्रकाश संश्लेषण की प्रक्रिया के माध्यम से कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित कर ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, जो समस्त जीव-जंतुओं के जीवन के लिए अनिवार्य है।उन्होंने कहा कि वृक्ष वातावरण में मौजूद कार्बन को संग्रहित कर ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके साथ ही वे धूलकणों, विषैली गैसों और अन्य प्रदूषकों को अवशोषित कर वायु गुणवत्ता में सुधार करते हैं तथा वातावरण को शीतल बनाए रखने में सहायक होते हैं। अधीक्षक ने बताया कि वृक्षों की जड़ें मिट्टी को बांधे रखती हैं, जिससे मृदा अपरदन कम होता है और भूजल संरक्षण को बढ़ावा मिलता है। वृक्ष वर्षा चक्र को संतुलित रखने तथा जैव विविधता के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। उन्होंने कहा कि हरित वातावरण मानसिक तनाव को कम कर शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है।कार्यक्रम के दौरान अस्पताल परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए तथा सभी उपस्थित लोगों को पौधों की नियमित देखभाल, सिंचाई और संरक्षण का संकल्प दिलाया गया। अंत में सभी से अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई। इस अवसर पर डॉ. सुरभि यादव, डॉ. डी. एस. वर्मा, डॉ. सुबोध, आशु, मोहित, संतोष, सुषमा, रीमा सिस्टर, विवेक गुप्ता, बृजेस कुमार, संतोष, बीरबहादुर, सहित अस्पताल के चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी एवं अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *