राठ (हमीरपुर)। राठ-गोहांड मार्ग पर मसगवां मोड़ के पास हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति की जान यूपी-112 पीआरवी कर्मियों की त्वरित कार्रवाई से बच गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पीआरवी टीम ने घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उपचार शुरू कराया। जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर करीब 01:15 बजे यूपी-112 को सूचना मिली कि मसगवां मोड़ के पास एक चार पहिया वाहन की टक्कर से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है। सूचना मिलने के बाद पीआरवी-7903 पर तैनात कमांडर आरक्षी आसिफ शेख, सब-कमांडर होमगार्ड सत्यप्रकाश और पायलट आरक्षी संजेश कुमार तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर घायल अवस्था में पड़े व्यक्ति को प्राथमिक सहायता देने के बाद पीआरवी कर्मियों ने बिना समय गंवाए उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोहांड पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया। घायल की पहचान हरेश चंद्र पुत्र ठाकुर दास निवासी ग्राम बड़ा, थाना राठ के रूप में हुई। घटना की सूचना पर परिजन और स्थानीय थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।समय पर चिकित्सा सहायता मिलने से घायल की जान बच सकी। स्थानीय लोगों ने यूपी-112 कर्मियों की तत्परता, मानवीय संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि आपात स्थिति में पुलिस की यह त्वरित सेवा लोगों के लिए जीवनरक्षक साबित हो रही है।
