Spread the love

हमीरपुर। ग्रामीण क्षेत्रों में जनसमस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए जनपद की 59 न्याय पंचायतों में 08 जून से 29 जून 2026 तक ग्राम चौपालों का आयोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी अभिषेक गोयल द्वारा जारी रोस्टर के अनुसार सभी ग्राम चौपालें प्रतिदिन पूर्वाह्न 11 बजे से आयोजित होंगी। ग्राम चौपालों में भूमि विवाद, आईजीआरएस संदर्भों सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया जाएगा। इसके लिए संबंधित तहसील, विकास खंड और पुलिस विभाग के अधिकारी आवश्यक अभिलेखों के साथ उपस्थित रहेंगे तथा प्राप्त शिकायतों के समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। जिलाधिकारी अभिषेक गोयल ने निर्देश दिए हैं कि जिन मामलों का तत्काल निस्तारण संभव नहीं हो सके, उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही प्रत्येक चौपाल की समेकित रिपोर्ट जिला स्तर पर प्रस्तुत की जाएगी। चौपाल स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल, बैठक व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं के साथ व्यापक प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी भी संबंधित अधिकारियों को सौंपी गई है। जनपद के सभी विकास खंडों की न्याय पंचायतों में जिला स्तरीय अधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। वहीं तहसीलवार पर्यवेक्षण के लिए मुख्य विकास अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारियों को प्रभारी अधिकारी बनाया गया है। जिलाधिकारी अभिषेक गोयल ने कहा कि ग्राम चौपाल शासन और जनता के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम है। इससे ग्रामीणों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सकेगा।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *