Spread the love

हमीरपुर – विकासखंड कुरारा के डामर गांव में इन दिनों पेयजल संकट गहराता जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि नमामि गंगे परियोजना के तहत लगाए गए नलकूप और पानी की टंकी से गांव के कई मोहल्लों तक नियमित जलापूर्ति नहीं हो पा रही है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार गांव में पानी की आपूर्ति सीमित समय के लिए की जा रही है। इसके चलते ऊंचाई वाले इलाकों और दलित बस्ती तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा। कई घरों के नल सूखे पड़े हैं और लोगों को दूर-दराज से पानी लाने को मजबूर होना पड़ रहा है। ग्रामीण रामकली, बबलू, भगवानदीन, गंगाराम, दलपत मुनिया, बद्री सिंह, कप्तान, राकेश यादव, श्रीपाल और राजेश सिंह ने बताया कि पाइपलाइन में गैंठ्रबेरिया के दरवाजे के पास लगा चेक वाल्व नियमित रूप से संचालित नहीं होने के कारण कई मोहल्लों में पानी की आपूर्ति बाधित हो रही है।ग्रामीणों ने यह भी बताया कि मोहल्ले का एक हैंडपंप लंबे समय से खराब पड़ा है, जिससे समस्या और बढ़ गई है। कई परिवार गांव के बाहर विद्यालय के पास से पानी लाकर किसी तरह जरूरत पूरी कर रहे हैं।ग्रामीणों ने नमामि गंगे परियोजना के अधिकारियों से गांव में नियमित और सुचारु पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है। साथ ही पानी की बर्बादी रोकने और हर घर तक पर्याप्त पानी पहुंचाने के लिए जल्द आवश्यक कदम उठाने की अपील की है।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *