Spread the love

मौदहा( हमीरपुर)।मंगलवार सुबह कस्बे के सबसे व्यस्त इलाके में स्थित एक सर्राफा व्यवसायी के घर भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया।और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया जिससे लाखों के नुकसान का अनुमान है।प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण विद्युत शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हादसे में लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया, हालांकि गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार मुख्य बाजार स्थित वार्ड नंबर 25 में आनंद सोनी के मकान में सुबह करीब 8:30 बजे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। मकान से उठती आग की लपटें और धुएं को देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिवार के साथ मिलकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने के समय आनंद सोनी अपने परिवार के साथ घर में मौजूद थे। बताया गया कि आनंद सोनी ऊपर के कमरे में पूजा कर रहे थे, जबकि उनके पुत्र वैभव सोनी और गौरव सोनी सहित अन्य सदस्य घर में थे। सभी लोग समय रहते सुरक्षित बाहर निकल आए।
घटना की जानकारी मिलते ही उपजिलाधिकारी करणवीर सिंह और पुलिस क्षेत्राधिकारी राजकुमार पांडेय मौके पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया। पीड़ित वैभव सोनी के अनुसार अग्निकांड में करीब पांच लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।
राजस्व विभाग की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। प्रशासन का कहना है कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है, जबकि पूरे मामले की जांच की जा रही है।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *