सरीला (हमीरपुर)। जलालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हरसुण्डी गाँव में प्रशासन द्वारा एक फर्जी डॉक्टर का अवैध अस्पताल सील किए जाने से बौखलाए दबंगों ने पीड़ित दलित परिवार को निशाने पर ले लिया है। आरोपी के भाई ने घर में अकेली महिला के आवास में घुसकर सरेआम जातिसूचक गालियाँ दीं और पूरे परिवार को गाँव से निकालने व जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने थाने में शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
हरसुण्डी गाँव की रहने वाली माया के मासूम बच्चे के पेट में दर्द होने पर गाँव के ही कथित डॉक्टर विजय ने गलत ड्रिप और इंजेक्शन लगा दिया था। इससे बच्चे की हालत मरणासन्न हो गई, जिसका इलाज वर्तमान में ग्वालियर में चल रहा है। इस गंभीर लापरवाही पर पीड़ित के पति रामआसरे ने जिलाधिकारी से शिकायत की थी, जिसके बाद जाँच में कोई वैध डिग्री न मिलने पर प्रशासन ने आरोपी विजय के अवैध अस्पताल को सील कर दिया था। अस्पताल सील होने से बौखलाया विजय का छोटा भाई संदीप रंजिश के तहत ट्रैक्टर लेकर सीधे पीड़िता के घर पहुँच गया। उस वक्त महिला घर पर अकेली थी। आरोप है कि संदीप जबरन घर में घुस आया और पीड़िता को अपमानित करते हुए सरेआम जातिसूचक शब्द और बेहद भद्दी गालियाँ दीं। आरोपी ने जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। पीड़िता माया ने थाना प्रभारी जलालपुर को लिखित प्रार्थना पत्र सौंपकर आरोपी संदीप पर घर में घुसकर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने पर कानूनी कार्यवाही करने और परिवार को सुरक्षा देने की माँग की है।
