Spread the love

सुमेरपुर (हमीरपुर )।जनपद के सुमेरपुर थाना क्षेत्र में बुधवार अपराह्न नेशनल हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कुंडौरा गांव के पास गिट्टी से भरा एक अनियंत्रित ट्रक ई-रिक्शे पर पलट गया। हादसा इतना भयावह था कि ई-रिक्शा पूरी तरह टूटकर कई हिस्सों में बिखर गया। दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, काबरई की ओर से गिट्टी लेकर कानपुर जा रहा ट्रक अचानक संतुलन खो बैठा और सामने जा रहे ई-रिक्शे पर पलट गया। ई-रिक्शे में कुल पांच लोग सवार थे। हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही सुमेरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ट्रक चालक भी हादसे में केबिन के भीतर फंस गया था, जिसे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। वहीं मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस मृतकों और घायलों की पहचान कराने में जुटी हुई है।
मौके पर मौजूद राजेश कमल ने बताया कि ट्रक अनियंत्रित होकर अचानक ई-रिक्शे पर पलट गया, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाकर यातायात बहाल करा दिया है।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *