हमीरपुर – मौदहा कस्बे के मोहल्ला हुसैनगंज नहरिया स्थित शेख चांद बाबा के पास सोमवार को विद्युत ट्रांसफार्मर में शार्ट सर्किट होने से भीषण आग लग गई। आग ने कुछ ही मिनटों में रौद्र रूप धारण कर लिया और पूरा ट्रांसफार्मर आग के गोले में तब्दील हो गया। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग धीरे-धीरे ट्रांसफार्मर से जुड़ी विद्युत केबलों तक पहुंच गई, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका बढ़ गई। भीषण आग और धमाकों जैसी आवाजों से दहशत में आए लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। मोहल्लेवासियों ने तत्काल विद्युत विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही विद्युत विभाग के लाइनमैन अबरार और शीलू मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया, जिसके बाद मोहल्लेवासियों ने राहत की सांस ली। घटना के बाद इलाके की विद्युत आपूर्ति बाधित रही और लाइनमैन क्षतिग्रस्त विद्युत लाइन को दुरुस्त करने में जुटे रहे। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
