हमीरपुर – मौदहा कस्बे के व्यस्ततम क्षेत्र जर्जर भवन में गुरुवार सुबह तेज आंधी और बारिश के दौरान दीवार गिरने से वृद्धा की दबकर मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरकर शव परिजनों को सौंप दिया। नगर के थाना चौराहा स्थित सब्जी मंडी निवासी शिवकली (75) पत्नी स्व. गणेश गुप्ता अपने भाई के घर रहकर जीवनयापन कर रही थीं। गुरुवार सुबह तेज आंधी-तूफान के बीच अचानक दीवार भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आकर वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास मौजूद लोगों ने मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकाला और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मौदहा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतका के भाई विजय गुप्ता ने बताया कि उनकी बहन की कोई संतान नहीं थी और वह परिवार के साथ ही रह रही थीं। घटना के बाद परिजनों ने उनका अंतिम संस्कार कर दिया। हादसे से बाजार क्षेत्र में शोक का माहौल बना रहा और लोगों का उनके घर सांत्वना देने पहुंचने का सिलसिला चलता रहा। कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर आवश्यक कार्रवाई की गई है।
