हमीरपुर – जनपद में गुरुवार को फायर सर्विस टीम ने अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक के निर्देशन में मुख्य अग्निशमन अधिकारी रेहान अली के नेतृत्व में टीम ने विभिन्न चिकित्सालयों में पहुंचकर अग्नि सुरक्षा उपकरणों का परीक्षण किया और उनकी कार्यक्षमता परखी। अभियान के दौरान शहर के लक्ष्मी बाई तिराहा स्थित विमल नर्सिंग होम और मौदहा के सनलाइफ हॉस्पिटल में डॉक्टरों व स्टाफ को आग लगने की स्थिति में बचाव और प्राथमिक प्रतिक्रिया के तरीके बताए गए। टीम ने मॉक ड्रिल के जरिए आग बुझाने वाले उपकरणों के सही उपयोग की जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थानों पर फायर सेफ्टी मानकों का पालन बेहद जरूरी है। छोटी सी लापरवाही बड़े हादसे का कारण बन सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए स्टाफ को जागरूक कर आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार किया जा रहा है।
