Spread the love

राठ (हमीरपुर)। जनपद के मुख्यालय,कस्बा सरीला,कस्बा कुरारा ,मुस्करा,सुमेरपुर,मौदहा,सहित ग्रामीण क्षेत्रों में जगह जगह संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। जयंती समारोह में जगह जगह भव्य तरीके से जुलूस भी निकाला गया,वहीं जनपद के कस्बा राठ में रामलीला मैदान से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा और छात्र शामिल हुए।
शोभायात्रा रामलीला मैदान से शुरू होकर स्टेट बैंक चौराहा, रानी लक्ष्मीबाई गेट, पड़ाव, कोटबाजार, उरई बस स्टैंड होते हुए अंबेडकर चौराहा पहुंची और पुनः रामलीला मैदान में समाप्त हुई। इस दौरान जुलूस में सम्मिलित लोग डीजे की धुनों में नृत्य व संविधान निर्माता का जयघोष करते हुए चल रहे थे। शोभायात्रा में ट्रैक्टर ट्रालियों में सजी महापुरुषों की झांकियां आकर्षण का केंद्र रही। पूरे मार्ग में क्षेत्रीय विधायक मनीषा अनुरागी, नगर पालिका परिषद, सपा नेता दानिश खान, समाज सेवी उमेश यादव, सपा युवजन सभा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष मान सिंह यादव व भाजपा के मनीष गौतम सहित एक दर्जन से अधिक स्थानों में जुलूस में शामिल लोगों को जलपान करा जगह-जगह स्वागत किया गया।
इससे पूर्व रामलीला मैदान में एक विशाल जनसभा व विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन भीमराव अंबेडकर सामाजिक समिति द्वारा किया गया। जिसमें वक्ताओं ने बाबा साहब के जीवन, संघर्ष और उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने देश के संविधान निर्माण में अभूतपूर्व भूमिका निभाई और समाज के कमजोर व पिछड़े वर्गों के अधिकारों के लिए जीवनभर संघर्ष किया। उनके दिखाए मार्ग—समता, न्याय और बंधुत्व—को अपनाने का आह्वान किया गया।सभा में मौजूद लोगों ने बाबा साहब के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
इस दौरान क्षेत्रीय विधायक मनीषा अनुरागी,जिला पंचायत अध्यक्ष जयंती राजपूत संतराम राजपूत, पूर्व विधायक डॉ अंबेश कुमारी, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीनिवास बुधौलिया, पूर्व विधायक अनिल अहिरवार, विधायक प्रतिनिधि भरत अनुरागी, भाजपा मण्डल अध्यक्ष महेंद्र गाँधी, राजपूत चंद्रवती वर्मा,गयादीन अनुरागी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष गोविंद अहिरवार, डॉ. कमलेश राजपूत, मनीराम पासवान, महेंद्र शुक्ला, अनिल अहिरवार सहित सामाजिक समिति के पदाधिकारी व अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।इस दौरान जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जगह जगह पुलिस बल मौजूद रहा।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *