महोबा:- जनपद महोबा के कबरई क्षेत्र में एक लोडर ऑपरेटर के साथ मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर अपनी जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम धरौंन थाना कबरई निवासी ओमप्रकाश कुशवाहा पुत्र लखन कुशवाहा, जो एक ग्रेनाइट कंपनी में लोडर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत हैं, ने बताया कि दिनांक 01 अप्रैल 2026 की रात करीब 8 से 9 बजे के बीच वह अपने कार्यस्थल पर ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान रवि, पंकज और नीरज निवासी कबरई, चार पहिया वाहन (UP13AK9231) से वहां पहुंचे और बिना रॉयल्टी के वाहन लोड कराने का दबाव बनाने लगे।
पीड़ित के अनुसार, जब उन्होंने बिना रॉयल्टी के लोडिंग करने से मना किया तो उक्त तीनों आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और कहा कि उनकी गाड़ियां बिना रॉयल्टी के ही चलेंगी। विरोध करने पर तीनों ने मिलकर पीड़ित के साथ मारपीट की, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
पीड़ित ने बताया कि उसने तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी, लेकिन मौके पर कबरई पहुंची पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। आरोप है कि पुलिस कर्मियों के सामने भी उसे धमकाया गया और शिकायत करने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। इतना ही नहीं, आरोपियों ने जबरन कोरे कागज पर हस्ताक्षर भी करवा लिए।
पीड़ित का यह भी आरोप है कि उक्त लोग बिना रॉयल्टी के खनिज परिवहन का अवैध कार्य करते हैं और उस पर भी दबाव बना रहे थे। घटना के बाद से पीड़ित भयभीत है।
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मामले में रिपोर्ट दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई करने तथा अपनी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
