Spread the love

महोबा। जनपद के सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बारात पहाड़ी निवासी बरी प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं प्राथमिक शिक्षक संघ के कबरई ब्लाक अध्यक्ष भगत सिंह राजपूत का शव गांव के बाहर इठर पहाड़िया के पास सड़क किनारे संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण कर शव को पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों द्वारा हादसे पर सन्देह व्यक्त करते हुए साजिशन हत्या की आशंका जताई है। परिजनों के आरोपों को देखते हुए दो डाक्टरों के पैनल से पोस्ट मार्टम कराया गया है। इस घटना से जहां दिवंगत शिक्षक के परिवार में कोहराम मच गया है। वहीं शिक्षक संघ में शोक की लहर छा गई है। प्राप्त जानकारी के ग्राम बारात पहाड़ी निवासी भगत सिंह राजपूत पुत्र शंभू दयाल राजपूत उम्र 49 साल ग्राम पंचायत बरी के प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाचार्य के पद पर तैनात थे। वह परिवार सहित जिला मुख्यालय महोबा के आलमपुरा मुहल्ले में रहते थे। परिजनों के अनुसार शिक्षक भगत सिंह राजपूत मंगलवार की देर रात्रि पैतृक गांव बारात पहाड़ी से दूध लेकर इनफील्ड बाइक (बुलेट मोटर साइकिल) पर सवार होकर वापिस महोबा स्थित आवास के लिए निकले। लेकिन घर नहीं पहुंचने पर परिजनों को चिन्ता हुई। जिस पर परिजन खोजबीन के लिए निकले। भोर प्रहर सुबह लगभग चार बजे शिक्षक भगत सिंह राजपूत का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बारात पहाड़ी गांव के बाहर इठर पहाड़िया के पास सड़क किनारे खंती में मिला। परिजनों के अनुसार बुलेट बाइक का मुंह गांव की ओर था। जबकि वह महोबा के लिए निकले थे। उनका मोबाईल, पर्स और कुछ रुपए पास में पड़े मिले जबकि शव औंधी अवस्था में मिला। सिर्फ सिर में चोट का जख्म मिला है। घटना की सूचना मिलने पर महोबा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष कुमार पांडेय हमराही पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण कर का पंचनामा भरकर पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया है। परिजन बड़े भाई संजीव कुमार राजपूत एवं छोटे भाई मनोज कुमार राजपूत ने घटना को हादसा मानने से इंकार करते हुए द्वेषभावना और इर्ष्या में सोची समझी साजिश के तहत हत्या कर दुर्घटना का रूप देने की आशंका जताई है। परिजनों के आरोपों को ध्यान में रखते हुए एवं प्राथमिक शिक्षक संघ की मांग पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक जिला चिकित्सालय महोबा डॉ. सुरेश कुमार द्वारा दो डाक्टरों राजेश कुमार भट्ट एवं डा. पंकज राजपूत के पैनल से शव का पोस्ट मार्टम कराया गया है। पोस्ट मार्टम हाउस में भारी संख्या में परिजन, रिश्तेदार एवं प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारी और शिक्षक मौजूद रहे। घटना से दिवंगत शिक्षक के परिवार में करुण क्रंदन मच गया है। मृतक भगत सिंह राजपूत अपने पीछे पत्नी एवं एक मासूम को रोता बिलखता छोड़ गये है। घटना से शिक्षकों में शोक की लहर छा गई है।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *