हमीरपुर – विकासखंड मौदहा क्षेत्र के ग्राम लोदीपुर निवादा स्थित अभिनव बुंदेलखंड पब्लिक स्कूल में नए शैक्षिक सत्र के प्रथम दिवस पर प्रवेश उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय में नवप्रवेशित बच्चों एवं उनके अभिभावकों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में विद्यालय के प्रति उत्साह एवं आत्मविश्वास बढ़ाना रहा। प्रवेश उत्सव के दौरान बच्चों के लिए स्वागत समारोह, परिचय सत्र, मनोरंजक गतिविधियाँ तथा शिक्षकों से संवाद का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को विद्यालय के वातावरण से परिचित कराया गया, जिससे वे सहजता के साथ अपनी शिक्षा यात्रा की शुरुआत कर सकें।विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश कुमार ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए बच्चों के सर्वांगीण विकास पर बल दिया और उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में शिक्षक सुरेश कुमार, वीर सिंह, जितेंद्र गौतम, शीला यादव, सौम्या, कल्पना, निधि यादव और पारुल गुप्ता सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।उत्सव के सफल आयोजन से बच्चों के चेहरे पर खुशी और उत्साह स्पष्ट दिखाई दिया, जिससे विद्यालय का वातावरण पूरी तरह उत्सवमय बना रहा।
