Spread the love

राठ (हमीरपुर)। जरिया थाना क्षेत्र के गोहाण्ड कस्बे में चार दिन से लापता ई-रिक्शा चालक का शव शुक्रवार को तालाब में उतराता मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान विपिन कुमार पुत्र फूलसिंह अहिरवार निवासी पटेल नगर गोहाण्ड के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को तालाब से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जरिया थानाध्यक्ष मनोज पाण्डे ने बताया कि विगत 16 नवंबर को मृतक विपिन ने फोन पर अपने भाई अनिल कुमार को बताया था कि वह ई-रिक्शा लेकर तालाब किनारे बैठा है और उसे वहां से ले जाएं। फोन पर उसकी आवाज से अत्यधिक शराब के नशे में होने का अंदेशा हुआ। भाई मौके पर पहुंचा तो ई-रिक्शा तालाब किनारे खड़ा मिला, लेकिन विपिन गायब था। 17 नवंबर को उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। जांच के दौरान स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि विपिन 16 नवंबर की शाम तालाब के पास नशे की हालत में मौजूद था। शुक्रवार को उसका शव तालाब में उतराता मिला। आशंका जताई जा रही है कि नशे में तालाब में गिरने से उसकी मौत हुई। पुलिस ने पंचायतनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट से चलेगा।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *