राठ (हमीरपुर)। मझगवां थाना क्षेत्र के गिरवर गांव स्थित जंगल में गुरुवार की देर शाम अज्ञात महिला का सिर कटा शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला का धड़ मिलने के बाद पुलिस ने आसपास तलाश की तो कुछ दूरी पर उसका सिर भी बरामद हुआ। घटनास्थल के पास महिला के जले हुए कपड़े भी मिले हैं। महिला की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। सूचना पर मझगवां और राठ कोतवाली पुलिस, एसओजी, फील्ड यूनिट तथा डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंच गए। टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। ग्राम गिरवर के चौकीदार सुरेंद्र कुमार अनुरागी की तहरीर पर मझगवां थाने में अज्ञात के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका सहित विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है। मृतका की शिनाख्त और घटना के खुलासे के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई हैं पुलिस क्षेत्राधिकारी राठ राजीव प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस टीमें साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच कर रही हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना के बाद ही मौत की असल वजह स्पष्ट हो सकेगी।