Spread the love

हमीरपुर। जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक घर तक नियमित एवं समान रूप से पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा पानी की बर्बादी रोकने के उद्देश्य से आज अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे विजय सिंह के नेतृत्व में विकासखंड मुस्करा के ग्राम गहरौली में ‘टुल्लू हटाओ अभियान’ चलाया गया।अभियान के दौरान पेयजल पाइपलाइन में अवैध रूप से टुल्लू पंप लगाकर पानी खींचने के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 13 टुल्लू पंप जब्त किए गए। जब्त किए गए सभी टुल्लू पंप संबंधित भवन स्वामियों अथवा उनके परिवार के सदस्यों को सील बंद अवस्था में सुपुर्द किए गए। निरीक्षण के दौरान राजेंद्र प्रसाद द्विवेदी (सीनियर एडवोकेट) एवं मनोज कुमार द्विवेदी के घरों के बाहर भी बिना टोटी के पाइप पाए गए।अपर जिलाधिकारी ने बताया कि टुल्लू पंप के माध्यम से सीधे पाइपलाइन से पानी खींचने के कारण ऊंचाई पर स्थित अनेक घरों तक पर्याप्त जलापूर्ति नहीं हो पा रही है। इसके अतिरिक्त कई स्थानों पर बिना टोटी के पाइपों से पानी लगातार बहने तथा पेयजल की अनावश्यक बर्बादी की स्थिति भी सामने आई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पेयजल जैसी महत्वपूर्ण जनसुविधा का लाभ सभी परिवारों को समान रूप से मिलना चाहिए। किसी भी व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से पानी खींचकर अथवा अनावश्यक रूप से पानी बहाकर अन्य परिवारों को पेयजल से वंचित करना उचित नहीं है।अभियान के दौरान यूनाइटेड नेशंस ऑफिस फॉर प्रोजेक्ट सर्विसेज (UNOPS) के सुभाष चंद्र पांडे द्वारा ग्रामीणों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। उन्होंने पानी के विवेकपूर्ण उपयोग, जल की बर्बादी रोकने तथा घरेलू स्तर पर जल संरक्षण के विभिन्न उपायों की जानकारी दी। साथ ही ग्रामीणों को तकनीकी जानकारी देते हुए पेयजल का उपयोग आवश्यकता के अनुरूप करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से अपील की कि पेयजल पाइपलाइन में अवैध रूप से टुल्लू पंप न लगाएं, घरों में पानी की टोटियां अनिवार्य रूप से लगवाएं तथा अनावश्यक रूप से पानी न बहने दें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि गांव में नियमित निगरानी रखते हुए जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा जल संरक्षण के प्रति लोगों को निरंतर जागरूक करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।अभियान में एडीओ पंचायत कपिल सिंह एवं उनकी टीम द्वारा सहयोग प्रदान किया गया। इस दौरान मुस्करा थाना पुलिस बल भी पूरे समय मौजूद रहा। जिला प्रशासन द्वारा जल जीवन मिशन के उद्देश्यों के अनुरूप प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के अभियान निरंतर संचालित किए जाएंगे।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed