Spread the love

सरीला हमीरपुर – जलालपुर थाना क्षेत्र के रिरुवा गांव स्थित संस्कृत इंटर कॉलेज में शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि विद्यालय में बीते एक सप्ताह से पढ़ाई के बजाय बाबा का दरबार और भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। इससे विद्यालय में पंजीकृत छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, विद्यालय परिसर में प्रत्येक मंगलवार को बाबा का दरबार लगाया जाता है, जहां पर्ची निकालकर लोगों की समस्याएं बताने और उनके समाधान का दावा किया जाता है। वहीं, इन दिनों विद्यालय परिसर में भंडारे के लिए भोजन तैयार किया जा रहा है। कक्षाओं में रखी मेज-कुर्सियों की जगह चारपाइयां और भंडारे का सामान दिखाई दे रहा है। कुछ ग्रामीणों द्वारा विद्यालय परिसर में गांजा पीने की बात भी सामने आई है, जिसकी जांच आवश्यक है। बताया जा रहा है कि विद्यालय में करीब 50 विद्यार्थी पंजीकृत हैं और पांच शिक्षक तैनात हैं। इसके बावजूद बच्चों की पढ़ाई बाधित होने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) को भी सूचना दी गई, लेकिन अब तक कोई जांच या कार्रवाई नहीं हुई है। इससे छात्रों के अभिभावकों में नाराजगी है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस विद्यालय की स्थापना बच्चों को शिक्षा देने के लिए हुई है, वहां पढ़ाई के स्थान पर धार्मिक दरबार और भंडारे का आयोजन किसकी अनुमति से किया जा रहा है? सूचना मिलने के बावजूद शिक्षा विभाग की चुप्पी भी सवालों के घेरे में है। इस संबंध में विद्यालय के प्रधानाचार्य और जिला विद्यालय निरीक्षक से पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे फोन पर संपर्क नहीं हो सका। अब सवाल यह है कि जिम्मेदार अधिकारी कब जांच कराएंगे और बच्चों की बाधित पढ़ाई दोबारा कब शुरू होगी |

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed