मुस्करा, हमीरपुर। बस में सफर के दौरान हुए विवाद में चालक और परिचालक पर यात्री के साथ मारपीट कर मोबाइल और सोने की अंगूठी छीनने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित ने थाना मुस्करा में प्रार्थना पत्र देकर आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है क्षेत्र के निवासी धर्मेंद्र कुमार पुत्र रामस्वरूप वर्मा ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि पांच नवंबर 2026 को उसने मुस्करा से नई दिल्ली जाने के लिए मिलन टूर एंड ट्रैवल्स की बस संख्या UP 75 DT 1188 में अपने मित्रों के साथ चार टिकट बुक कराए थे। शाम करीब छह बजे सभी लोग बस में सवार हो गए। इसी दौरान वह किसी कारणवश बस से नीचे उतर गया। उसने दोबारा बस से न उतरने की बात कही, लेकिन इसको लेकर बस चालक और परिचालक ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि चालक और परिचालक ने उसकी आंखों पर घूंसे और थप्पड़ मारे, जिससे आंखों में गंभीर चोट आई। इसके अलावा पीठ पर भी मारपीट की। पीड़ित ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उसका मोबाइल और सोने की अंगूठी भी छीन ली गई। पीड़ित ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपित चालक और परिचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है।