हमीरपुर। जरिया थाना अंतर्गत इटैलिया बाजा गाँव में खेत पर पलेवा करने के लिए गए 25 वर्षीय युवा किसान का शव संदिग्ध अवस्था में खेत पर भरे पानी में पड़ा हुआ मिला। परिजनों ने जहरीले सर्प के काटने से मृत्यु होने की संभावना जताई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार जरिया थाना अंतर्गत इटैलिया बाजा गाँव का निवासी विकास (25) पुत्र स्व गया प्रसाद अपनी मां कलावती के साथ खेत में पलेवा करने के लिए गया हुआ था। जहाँ कुछ समय बाद उसकी माँ खाना पीना इत्यादि बनाने के लिए खेत से वापस घर आ गई। जिसके बाद मंगलवार को विकास का शव खेत में भरे पानी में संदिग्ध परिस्थितियों के चलते पड़ा हुआ मिलने से सनसनी फैल गई। परिजनों ने जहरीले सांप के काटने से मौत होने की संभावना जताई है। परिजनों ने बताया कि मृतक विकास अविवाहित था तथा अपने परिवार की पांच बीघा कृषि भूमि में खेती किसानी आदि कर अपने परिवार के भरण पोषण में मदद करता था। जो कि अपने पीछे मां कलावती,बड़े भाई वीर सिंह सहित अन्य सभी परिजनों को रोता बिलखता हुआ छोड़ गया है। मामले में जरिया थानाध्यक्ष मनोज पाण्डे ने बताया कि मृतक व्यक्ति के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है तथा आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।